चमोली()। तहसील में एसडीएम की स्थायी तैनाती और नव निर्मित उपजिला चिकित्सालय में ओटी (ऑपरेशन थिएटर) के लिए बजट आवंटित कराने की मांग के लिए कांग्रेस और अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया। साथ ही तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर बजट सत्र से पूर्व कार्रवाई नहीं होने पर आठ मार्च को दिवालीखाल में प्रदर्शन और चक्काजाम की चेतावनी दी। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में साढ़े दस से दोपहर एक बजे तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ 60 से अधिक लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर पंचायत कार्यालय से तहसील कार्यालय तक रैली निकाली गई और तहसील परिसर में धरना दिया। नपं अध्यक्ष मोहन भंडारी व अन्य वक्ताओं ने कहा कि तहसील में स्थायी एसडीएम और अस्पताल में सुविधाओं की स्थापना नहीं हुई तो आठ मार्च को दिवालीखाल में प्रदर्शन कर चक्का जाम किया जाएगा। इस दौरान बजट सत्र में शामिल होने के लिए भराड़ीसैंण जाने वाले विधायक, मंत्री, व अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। ग्रीष्मकालीन राजधानी होने के बाद भी गैरसैंण की लगातार अनदेखी करने पर विधानसभा सत्र का भी बहिष्कार करेंगे। इस दौरान दान सिंह नेगी, कुंवर सिंह बिष्ट, जगदीश ढौंडियाल, गौरव मोनू, जिपंस कामेश्वरी देवी, केएस बिष्ट, सभासद गोविंद सिंह, प्रदीप कुंवर, वार्ड मेंबर उमा ढोंडियाल और कुलदीप बिष्ट आदि मौजूद थे।