हल्द्वानी(। भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रविवार को बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस पर अंकिता भंडारी हत्याकांड में भ्रामक बयानबाजी करने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस का पुतला दहन कर रोष जाहिर किया। भाजपा महिला मोर्चा के आह्वान पर तमाम कार्यकर्ता दोपहर को बुद्ध पार्क में जमा हुए। जहां उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई है। अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे अत्यंत संवेदनशील विषय पर लगातार तथ्यहीन, भ्रामक और घृणित राजनीति कर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर निराधार आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस जघन्य अपराध में त्वरित, निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई है। इस दौरान प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, विधायक सरिता आर्या, दर्जाधारी सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, प्रताप सिंह बोरा, प्रतिभा जोशी, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेन्द्र सिंह रौतेला, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश साह, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रविंद्र बाली मौजूद रहे।