राजधानी दून में चिंता बढ़ा रहा डेंगू

Spread the love

देहरादून। दून में कोरोना से राहत जरूर है, पर अब डेंगू चिंता बढ़ा रहा है। जिले में पांच और व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिनमें माजरी माफी मोहकमपुर निवासी 31 वर्षीय महिला श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति सामान्य है। इसके अलावा जीएमएस रोड निवासी 24 वर्षीय युवक, साईं लोक निवासी 26 वर्षीय युवक, मेहूंवाला निवासी 56 वर्षीय एक शख्स व सीमाद्वार के रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी ठीक हैं और घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
जिले में अब तक डेंगू के 49 मामले मिले हैं। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी का कहना है कि जिन इलाकों में डेंगू के मामले मिले हैं वहां पर नगर निगम की मदद से दवा का छिड़काव व फागिंग कराई गई है। घरों में मच्छर के लार्वा की पहचान भी की गई। आसपास के व्यक्तियों को भी डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया गया है।
डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम का संयुक्त अभियान जारी है। विभागीय टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर घरों का सर्वे भी किया है। जिन स्थानों पर डेंगू की बीमारी फैलाने वाले मच्छर का लार्वा मिल रहा है उसे मौके पर ही नष्ट किया जा रहा है। जन सामान्य को बताया जा रहा है कि वह अपने घर या आसपास खाली बर्तनों में पानी जमा न होने दें, क्योंकि डेंगू का मच्छर रुके हुए साफ पानी में ही पनपता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *