घने कोहरे ने थामी रफ्तार, हाईवे से बाजार तक असर

Spread the love

हरिद्वार(। दो दिन लगातार खिली धूप के बाद बुधवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली। सुबह से ही हरिद्वार में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई और हाईवे के साथ-साथ शहर की अंदरूनी सड़कों पर यातायात की रफ्तार थम सी गई। वाहन चालकों को मजबूरन अपने वाहनों की लाइटें जलाकर चलना पड़ा, वहीं धीमी गति के कारण जगह-जगह जाम जैसे हालात भी बनते नजर आए। घने कोहरे का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। सुबह के समय प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और रोजमर्रा की चहल-पहल देर से शुरू हो सकी। दुकानदारों का कहना है कि कोहरे के चलते ग्राहक कम निकलते हैं, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ता है। कोहरे के बीच सबसे चिंताजनक स्थिति हाईवे पर देखने को मिली, जहां कई स्थानों पर बिना रिफ्लेक्टर और संकेतक के ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दौड़ती नजर आईं। कम दृश्यता के कारण ऐसे वाहन अन्य चालकों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। कोहरे में रिफ्लेक्टर, इंडिकेटर और फॉग लाइट का प्रयोग न करना घातक साबित हो सकता है। प्रशासन और यातायात पुलिस द्वारा बार-बार सावधानी बरतने की अपील के बावजूद इस तरह की लापरवाही सामने आ रही है। नागरिकों ने मांग की है कि कोहरे के दौरान बिना रिफ्लेक्टर चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *