नई दिल्ली। ठंड के साथ घने कोहरे के असर ने दिल्ली- एनसीआर ही नहीं बल्कि उत्तर भारत के कई राज्यों में जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के साथ ही उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी घने कोहरे का प्रकोप दिखा। इस कारण से ट्रेनों की रफ्तार तो थमी ही, बल्कि कम दृश्यता के कारण उड़ानों पर भी असर पड़ा। इस कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
कोहरे का यलो अलर्ट भी जारी किया गया
वहीं घने कोहरे से अभी जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार की सुबह भी ज्यादातर जगह स्माग एवं घना कोहरा छाया रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा। कोहरे का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं 22 और 23 जनवरी को हल्की वर्षा होने और ठिठुरन भरी ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान है।