जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में मरचूला बस हादसे में जान गंवाने वाले तदर्थ शिक्षक दिलबर सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर तदर्थ शिक्षक की किसी दुर्घटना में मौत होने पर उनके आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की मांग राज्य सरकार से की गई।
पौड़ी जिले के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में शिक्षक-शिक्षिकाओं की ऑनलाइन बैठक हुई। जिसमें मरचूला में हुए बस हादसे में दिवंगत तदर्थ शिक्षक दिलबर को श्रदांजलि दी गई। जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर बिष्ट ने प्रांतीय मंत्री कुलदीप रावत व संदीप रावत द्वारा दिवंगत दिलवर के परिवार के लिए आर्थिक सहायता जमा करवाने के प्रयास की सराहना की गई और सहयोग करने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों का उत्तराखंड माध्यमिक संघ की ओर से आभार जताया गया। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय रावत ने बताया कि किसी तदर्थ शिक्षक की दुर्घटना में मौत होने पर उनके आश्रितों को नियुक्ति देने का प्रावधान नहीं है। जिससे तदर्थ शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। संगठन मंत्री दीपक रावत ने सरकार से उनके विनियमितीकरण की मांग की। जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर सिंह बिष्ट ने बताया कि 22 नवंबर को शिक्षा मंत्री के साथ होने वाली बैठक में तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की मांग को प्रमुखता से रखा जाएगा। ऑनलाइन बैठक में कुलदीप रावत, भारत बिष्ट, संदीप रावत, कुलदीप थपलियाल, कैलाश थपलियाल, विजय नौडियाल और अजय बिष्ट आदि शामिल रहे।