पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने किया शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ

Spread the love

शूटिंग प्रतियोगिता को बताया खेल का अहम हिस्सा
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी के श्रीनगर में स्थित केदार फायरिंग रेंज (एसएसबी) में 18वीं प्रादेशिक अन्तरजनपदीय/वाहिनी राईफल/रिवाल्वर एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता-2022 का मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल ने शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल जीवन का एक महत्वपूर्ण अंग है व शूटिंग प्रतियोगिता खेल का एक अहम हिस्सा है। शूटिंग प्रतियोगिता में सुरक्षा के साथ-साथ मजबूत पकड़ एवं एकाग्र मन होना चाहिए, तभी प्रतिभागी कुशल फायर बन सकता है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल ने समस्त जनपद/वाहनियों के टीम मेनेजरों से परिचय प्राप्त किया। उसके पश्चात खेल प्रतिभागियों द्वारा मंच पर पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र को सलामी दी गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने खेल की भावना से प्रतिभाग करने की शपथ ली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस कर्मियों में अच्छी प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत रहे, इस हेतु उत्तराखण्ड पुलिस स्पोट्र्स कन्ट्रोल बोर्ड द्वारा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उत्तराखण्ड पुलिस स्पोट्र्स कन्ट्रोल बोर्ड द्वारा जारी खेलों का वार्षिक कैलेण्डर समय सारणी के अनुसार जनपद एवं वाहिनियाँ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करती हैं। कोरोना काल के कारण विगत 2 वर्षों से इस प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हो पाया था। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अपनी दक्षता, निपुणता एवं खेल भावना का परिचय देते हुये खेलों के दौरान उच्च स्तर का अनुशासन बनाये रखने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में जनपद पुलिस की 9, पीएसी वाहिनी 5, एसटीएफ 1, एटीएस 1, जीआरपी 1 सहित 17 टीमों के लगभग 150 से अधिक प्रतिभागी प्रतिभाग कर रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *