उत्तराखंड

बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के घर पहुंची देव डालियां

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

विकासनगर।शिलगूर बिजट महाराज मंदिर सिमोग से एक रात प्रवास के बाद शनिवार को सुबह बैराटखाई से तीनों देव डोलियां क्यारी गांव के लिए रवाना हुईं। बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल देवता को लेने बैराटखाई पहुंचे। जुबिन ने सर्वप्रथम देवता के दर्शन किए। इस अवसर पर खत कौरू के ग्रामीणों ने देव दर्शन कर भंडारा ग्रहण किया। जिसके बाद शिलगूर, बिजट, चूड़ेश्वर महाराज की देव डोली ने जुबिन नौटियाल के पैतृक गांव क्यारी के लिए प्रस्थान किया। इस यात्रा में सैंकड़ों लोग देवता के साथ साथ पग यात्रा कर रहे हैं।
देव डोलियों ने सुबह करीब आठ बजे बैराटखाई से क्यारी के लिए प्रस्थान किया। दस बजे के करीब देव डोलियां नागथात पहुंची। जहां पहले से ही सैकड़ों श्रद्धालु देव दर्शन करने पहुंचे हुए थे। जहां श्रद्धालुओं ने जलपान किया साथ ही महाराज के जयकारे भी लगाए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपारिक हारूल तांदी नृत्य भी किया। जलपान के बाद देवता की डोलियां क्यारी के लिए रवाना हुई। करीब एक बजे देवता की तीनों डोलियां विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान के पैतृक गांव रखटाड़ पहुंची। जहां मुन्ना सिंह चौहान, उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान व समस्त रखटाड़वासियों ने देवताओं का स्वागत किया। इसके बाद करीब दो बजे देव डोलियां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल व उनके बेटे बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पैतृक गांव क्यारी पंहुची। देव डोलियों के आगमन पर ग्रामीणों ने महाराज का ढोल दमाऊं, रणसिंघ के साथ भव्य स्वागत किया और देव डोलियों पर पुष्प वर्षा की गई। घर पहुंचने पर घर की महिलाओं ने पूजा अर्चना कर स्वागत किया। तीनों देव डोलियों को जुबिन के घर के आंगन में देव दर्शन के लिए रखा गया। जहां खत बहलाड़ के साथ साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देवता के दर्शन किए। सायं साढ़े चार बजे शुभ मुहूर्त पर विधिविधान के साथ महाराज की तीनों देव डालियों को घर में प्रवेश कराया गया। जिसके बाद पूजा अर्चना शुरू की गई। इस अवसर पर ग्राम क्यारी में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। देवता के यात्रा में एसटी आयोग अध्यक्ष मुरत राम शर्मा, पूर्व आईएएस अधिकारी एसएस पांगती, भारत चौहान, नरेश चौहान, प्रेम दत्त शर्मा, नारायण दत्त शर्मा, पूरण सिंह चौहान, श्रींचंद शर्मा, लाल सिंह चौहान, रमेश शर्मा, दाताराम शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!