शिविर में 25 शिकायतें दर्ज, 138 लोग हुए लाभान्वित
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यमंत्री की ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ मुहिम के तहत गुरूवार को विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत धरासू के प्राथमिक विद्यालय में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 138 लोगों को सीधे लाभान्वित किया गया, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। एसडीएम रेखा आर्य ने कहा कि सरकार की मंशा पात्र व्यक्तियों को बिना किसी विलंब के लाभ पहुंचाने की है, अत: योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में ही जनसुनवाई कर मौके पर निस्तारण करने की कार्य संस्कृति विकसित करने को कहा।
उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में न्याय पंचायत के विभिन्न गांवों से आए 527 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान उपजिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। कुल दर्ज 25 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया गया, जबकि शेष जटिल मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समाधान करने को कहा गया। उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने शिविर में लगाए गए सभी 23 विभागीय स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देशित किया कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण करें और विकास कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करें। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट, सहायक प्रबंधक आशुतोष कौशिक सहित राजस्व, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि और पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।