बुद्ध पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

Spread the love

ऋषिकेश। ऋषिकेश में गुरुवार को बुद्ध पूर्णिमा पर देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी घाट, रामझूला और लक्ष्मण झूला के घाट पर गंगा में आस्था की डुबकी लगायी। गंगा के त्रिवेणी घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने विभिन्न अनुष्ठान आदि कर गरीबों को दान-पुण्य दिया। गुरुवार को तड़के चार बजे से ही लोग गंगा घाटों पर उमड़ पड़े। त्रिवेणीघाट, लक्ष्मणझूला के संतसेवा घाट, किरमोलाघाट, स्वर्गाश्रम के नावघाट, लक्ष्मीनारायण घाट, गीताभवन घाट, परमार्थ निकेतन घाट, वानप्रस्थघाट, तपोवन के सच्चा धाम घाट, मुनिकीरेती शत्रुघनघाट, पूर्णानंद घाट, स्वामीनारायण घाट और त्रिवेणीघाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। लोगों ने उपवास और पूजा-अर्चना कर गंगा घाटों पर बैठे फक्कड़ बाबाओं को श्रद्धानुसार, अन्न, धन आदि दान दिया। गंगा घाटों पर दोपहर दो बजे तक लोगों की भीड़ देखने को मिली। मां गंगा से अपने परिवार की सुख समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस की तैनाती रही। ज्योतिष आचार्य कैलाश घिल्डियाल बताते है कि मान्यताओं के अनुसार आज के दिन पवित्र गंगा में स्नान करने के बाद दान और पुण्य का एक अलग ही महत्व है। कहा जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु गंगाजल में निवास करते हैं। इसी कारण बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर स्नान करने का एक अलग ही महत्व है। बुद्ध पूर्णिमा के स्नान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *