धर्म नगरी में नवरात्रि की तैयारियां जोर शोर से शुरू

Spread the love

हरिद्वार। नवरात्र को लेकर धर्मनगरी के मंदिरों में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनियों और लाल पताकाओं से सजाया गया है। इसके साथ बाजार में भी मां की पूजा की सामग्री पहुंच गई है। लोगों ने इसको घर ले जाना भी शुरू कर दिया है। शनिवार को प्रथम नवरात्र पर माता के मंदिरों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा। मंदिर और पुलिस प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां कर ली हैं। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार ही मंदिरों में श्रद्धालु मां भगवती के दर्शन कर पाएंगे। इस बार श्रद्धालु मां को प्रसाद का भोग नहीं लगा पाएंगे, केवल दर्शन कर मां का आशीर्वाद ले सकेंगे। शनिवार (आज) पहला नवरात्र होगा। नवरात्र 24 अक्तूबर तक चलेंगे। मां मनसा देवी मंदिर में मां के दरबार को फूलों से सजाया जा रहा है। मां का पावन स्वरूप श्रद्धालुओं को अपनी और काफी आकर्षित कर रहा है। इसके अलावा सूखे मेवे से मंदिर का द्वार सजाया जाएगा और पूरे मंदिर में रंग-रोगन किया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मां की पूजा श्रद्धा के साथ की जाएगी। पूरे नवरात्रि विशेष पूजन किया जाएगा। मंदिर में भजन संध्या और भगवती जागरण का आयोजन नहीं होगा। सुबह छह व सायं साढ़े छह बजे मंदिर में आरती होगी। जिसमें शारीरिक दूरी के नियम की पालना के साथ ही श्रद्धालु आरती में शामिल होंगे। श्रीदुर्गाष्टमी पर इस बार भगवती जागरण नहीं होगा। मंदिर में बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मंदिर गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग होगी और सेनेटाइजर मशीन से हाथ को सेनेटाइज कराया जाएगा। श्रद्धालुओं से ग्रिल, घंटियों और प्रतिमाओं को न छूने की अपील की जाएगी। पूरे मंदिर को दिन में चार बार सेनेटाइज किया जाएगा। फेसबुक पर आरती लाइव की जाएगी।
इन मंदिरों में भी चल रही है नवरात्र की तैयारियां
नवरात्र उत्सव के लिए मां मनसा देवी, माया देवी, चंडी देवी, काली मंदिर, सुरेश्वरी देवी, लाल माता समेत शहर के कई अन्य देवी के मंदिरों में तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *