काशीपुर में मुआवजा के लिए किसानों का धरना शुरू

Spread the love

काशीपुर। नेशनल हाईवे के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा दिलाने और बाईपास सर्विस रोड पर किसान की जमीन पर नाला निर्माण करने के विरोध में किसानों ने काम रुकवाकर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने दो दिन में मामले का निस्तारण नहीं होने पर टोल प्लाजा बंद करने की चेतावनी दी।
भाकियू युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू की अगुवाई में मंगलवार को किसानों ने ग्राम गिन्नीखेड़ा बाइपास के पास धरना दिया। कहा कि गिन्नीखेड़ा और बांसखेड़ा के कई किसानों को अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा नहीं मिल पाया है। सर्विस रोड किनारे 20 फीट का नाला है। जो मात्र छह फीट का बनाया जा रहा है। जबकि इस नाले में पूरे शहर का पानी निकलता है। आरोप लगाया नाला निर्माण के लिए पूरी जगह नहीं होने के कारण किसानों की जमीन ली जा रही है। जब एक किसान ने इसका विरोध किया तो पुलिस उसे उसकी पत्नी के साथ ले गई। किसान महिपाल ने कहा कि संयुक्त मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट न्यायालय के आदेश पर वर्ष 2013 में अधिग्रहीत की गई जमीन का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। कहा अगर दो दिन के अंदर समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो टोल प्लाजा बंद कर दिया जाएगा। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस के साथ आसपास के क्षेत्र की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने पर किसानों ने शांतिपूर्ण धरना देने की बात कही। मौके पर हरपाल सिंह, राजू छीना, सोनू बाजवा, बलजिंदर सिंह, शकील अहमद, मो़शरीफ, आबिद हुसैन, विनोद कुमार, सुनील, भूरा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *