बच्चों के साथ आयुक्त कार्यालय के बाहर दिया धरना

Spread the love

हरिद्वार। सिडकुल की एक पेन बनाने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में बच्चों के साथ बैठकर धरना प्रदर्शन किया। यही नहीं कार्यालय का मुख्य दरवाजा भी बंद कर दिया। करीब दो घंटे बाद कार्यालय पहुंचे असिस्टेंट लेबर कमिश्नर ने बमुश्किल कर्मचारियों को समझाया बुझाकर शांत कराया। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 15 दिन से वह कंपनी मैनेजमेंट और विभाग कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं और धरने पर बैठे हैं। बावजूद इसके कर्मचारियों को न तो वेतन दिया गया और न हीं उनके रोजगार की कोई गारंटी दी गई। रोजमर्रा के खर्चे, मकान का किराया, बच्चों की स्कूल फीस आदि कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। उनका जीवन भी दयनीय स्थिति में आ गया है। ऐसी स्थिति में वह कहां जाएं। रोजगार तलाशने के लिए भी उन्हें समय चाहिए होता है। उधर असिस्टेंट लेबर कमिश्नर एसएस रांगड़ ने बताया कि कर्मचारियों का मामला लेबर कोर्ट में स्थानांतरण कर दिया है। और कर्मचारियों के वेतन की रिकवरी के लिए कंपनी मैनेजमेंट को रिकवरी नोटिस भी जारी किया जा रहा है। शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ और कंपनी से निकाले गए कर्मचारियों ने सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय पर डेरा डाल दिया। कंपनी और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। भारतीय मजदूर संघ के प्रांतीय मंत्री सुमित सिंघल ने कहा कि विभाग की हीला हवाली के कारण कामगारों का पैसा नहीं मिल रहा है और न ही उनको रोजगार की कोई गारंटी दी जा रही है। विभाग की तरफ से नोटिस जारी होने के बाद भी कंपनी मैनेजमेंट कामगारों से वार्ता के लिए नही आ रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *