जयन्त प्रतिनिध।
कोटद्वार : लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग को एलिवेटेड बनाने की मांग को लेकर आंदोलनरत आंदोलनकारी 29 मार्च को हल्दूखाता तिराहे पर धिक्कार दिवस मनाएंगे।
चिल्लरखाल वन चौकी के समीप धरना स्थल पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। कहा कि क्षेत्रीय जन लंबे समय से आंदोलन पर डटे हुए हैं। 12 फरवरी को न्यायालय ने मार्ग को बनाने की स्वीकृति दी। लेकिन, अब तक सरकार ने मार्ग निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। यही नहीं, कुछ दिन पूर्व वन विभाग ने मार्ग पर व्यवसायिक वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी थी। कहा कि सरकार की निष्क्रियता से स्पष्ट है कि सरकार क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर नहीं है। जबकि, जनता के हित को देखते हुए उक्त मार्ग का बनना बहुत आवश्यक है। इस मार्ग के निर्माण से ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। साथ ही शहरवासियों को राजधानी देहरादून जाने के लिए राज्य का ही मार्ग मिलेगा। इस मौके पर रवींद्र सौंद, जीवानंद शर्मा, गोवर्धन काला, नरेंद्र सिंह, स्वयंभर सिंह, मोहन जोशी, कल्पना जोशी, प्रेमा बजेठा, शांति सहित अन्य मौजूद रहे।