आप ने किया विधायक कार्यालय का घेराव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि
पौड़ी। उत्तराखंड दिवस पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक पौड़ी के कार्यालय का घेराव किया। आप कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड दिवस पर राज्य बने 21 साल पूरे होने पर सरकार से 21 सवाल पूछे। आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस ने प्रदेश में बारी-बारी से सत्ता संभाली, लेकिन राज्य के हालात बद से बदतर होते चले गए। उन्होंने पौड़ी विधायक के साढ़े चार साल के कार्यकाल को निराशाजनक बताया।
मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार रोड स्थित आप कार्यलय से रैली निकाली। रैली बस अड्डा, धारा रोड, डीएम कार्यालय परिसर से होते हुए पौड़ी विधायक के कार्यालय पहुंची। यहां आप कार्यकर्ताओं ने विधायक के कार्यालय का घेराव किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान विधानसभा पौड़ी के प्रभारी मनोहर लाल पहाड़ी ने कहा कि आज तक यूपी के साथ परिसंपत्तियों का बंटवारा तक नहीं हो पाया है। प्रदेश से लगातार पलायन हो रहा है। बेरोजगारी की दर लगातार बढ़ रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य व सड़कों की स्थिति बदहाल है। 21 साल सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा-कांग्रेस पहाड़ की जनता को बिजली-पानी तक ठीक से मुहैया नहीं करा पाई है। आप महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव रीना नेगी ने कहा कि पौड़ी विधायक के साढ़े चार साल का कार्यकाल नाकामी भरा रहा है। पूरी विधानसभा में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए जनता जूझ रही है। विधायक को जनसमस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। घेराव करने वालो में आप जिला संयोजक विजय मोहन सिंह रावत, जिला महासचिव मनोरथ निराला, नगर अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, महिला मोर्चा पौड़ी विधान सभा अध्यक्ष पुष्पा रावत, ठाकुर सिंह नेगी, राजू बिष्ट, विमल बहुगुणा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *