दिल्ली की दो फ्लाइट रद्द होने से बढ़ी मुश्किल

Spread the love

ऋषिकेश()। इंडिगो संकट की वजह से यात्रियों की मुश्किलें थम नहीं रही हैं। हर दिन इंडिगो की फ्लाइट रद्द हो रही हैं, जिससे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से यात्रियों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। सोमवार को दिल्ली आने-जाने वाली चार फ्लाइट रद्द रही हैं। जबकि, इंडिगो की ही विभिन्न राज्यों से 11 फ्लाइट एयरपोर्ट पर पहुंची, जिनमें दिल्ली की भी दो फ्लाइट शामिल रही। सोमवार को इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली का सफर करने वाले यात्रियों को ज्यादा दुश्वारियां पेश आई। सुबह और शाम को उन्हें निर्धारित समय पर फ्लाइट केंसिल मिली, जिसके चलते विमान यात्रियों ने टैक्सी, बस और ट्रेन आदि का रुख किया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक सुबह दिल्ली से 8:55 बजे एयरपोर्ट पहुंचने वाली फ्लाइट नहीं आई। 45 मिनट बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट रद्द रही। जबकि, शाम 6:30 बजे आने और सवा सात बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी रद्द रही। हालांकि, एयरपोर्ट पर इंडिगो की अहमदाबाद से सुबह 7:55 बजे, जयपुर से सुबह 9:45, हैदराबाद सुबह 11:15 सुबह, कलकत्ता से दोपहर 12:10, दिल्ली से पूर्वाह्न 3:20 बजे, लखनऊ से शाम 4:55 बजे, पुणे शाम 5:05 बजे, बेंगलुरु से शाम 5:20 बजे, मुंबई से शाम को 6:20 बजे, जयपुर से 6:40 बजे और दिल्ली से शाम 7:10 बजे इंडिगो की फ्लाइट एयरपोर्ट पर पहुंची। एयरपोर्ट निदेशक भूपेश नेगी ने बताया कि इंडिगो संकट धीरे-धीरे खत्म होता दिख रहा है। जल्द ही सभी फ्लाइट निर्धारित समय पर आवागमन करेंगी। मालूम हो कि, एयरपोर्ट पर देश के विभिन्न शहरों से प्रतिदिन औसतन 18 फ्लाइट का आवागमन होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *