दिग्विजय बोले- सोनिया गांधी का साथ कभी नहीं छोड़ेंगे कमलनाथ, उनके भाजपा में जाने का सवाल ही नहीं

Spread the love

भोपाल/जबलपुर, एजेंसी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि कमलनाथ जी से मेरी बात हुई है। वह कहीं नहीं जा रहे हैं। भाजपा में जाने की बातें मनगढ़ंत है और मीडिया की बनाई हुई है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ कभी भी सोनिया गांधी का साथ छोड़कर नहीं जा सकते। जो डर रहे हैं या बिक रहे हैं, वह भाजपा में जा रहे हैं।
दरअसल, शनिवार को कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के कार्यक्रम रद्द किए और उसके बाद भोपाल होकर दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली में इस समय भाजपा की बड़ी बैठक चल रही है। मध्य प्रदेश भाजपा के सभी बड़े नेता इस समय दिल्ली आए हुए हैं। ऐसे में कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ का अचानक दिल्ली रवाना होना, उनके भाजपा में शामिल होने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि जब से कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया है, तब से ही वे नाराज चल रहे हैं। उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों में भी जाना कम कर दिया है। इस वजह से इन अटकलों को भी हवा मिल रही है।
दिग्विजय सिंह ने जबलपुर में कहा कि यह कोई प्लान नहीं है। कमलनाथ जी तो छिंदवाड़ा में है। मीडिया जब तक किसी बात को सनसनीखेज नहीं बनाता, तब तक वह चलता नहीं है। जिस व्यक्ति ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत नेहरू-गांधी परिवार के पीछे खड़े होकर की थी। वह उस समय लड़ रहे थे, जब जनता पार्टी की सरकार इंदिराजी को जेल भेजना चाहती थी। क्या आप विचार भी कर सकते हो कि ऐसा आदमी सोनिया गांधी के परिवार या कांग्रेस को छोड़कर जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *