जयनत प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मानपुर चौराहे से पांच सौ मीटर आगे बेलाडाट चौराहे को जाने वाली सड़क पर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। हालत यह है कि घरों से निकलने वाले गंदे पानी के लिए निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। जिस कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। साथ ही कीचड़ व पानी के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है।
शहर में अतिक्रमण व देखरेख के अभाव में गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां गायब हो चुकी है। नतीजा, घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। मानपुर चौराहे से बेलाडाट को जोड़ने वाली सड़क पर गंदे पानी के कारण डामर व इंटरलॉकिंग टाइल्स तक उखड़ चुकी हैं। गड्ढों में भरा गंदा पानी दुर्गंध मार रहा है। ऐसे में आसपास के व्यापारियों का दुकानों में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। यही नहीं मार्ग से वाहन गुजरते समय गंदे पानी के छीटें पैदल चलने वाले लोगों पर गिरने लगते हैं। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों व बुजुर्गों को हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। सबसे बुरी स्थिति सुबह के समय बनी रहती है। पूर्व में नगर निगम को समस्या से अवगत भी करवा चुके हैं। लेकिन, अब तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने मौके पर झांककर तक नहीं देखा।
दुर्घटनाओं का अंदेशा
सड़क पर डामर व इंटरलाकिंग टाइल्स उखड़ने के बाद बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। जिस कारण दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी रात के अंधेरे में हो रही है। दरअसल, रात के समय गड्ढे व कीचड़ नजर नहीं आता। जिससे दुर्घटनाएं हो रही है। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वर्षा काल में समस्या और अधिक बढ़ सकती है।