जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत निंबूचौड़ स्थित दिव्यांग संस्था को प्रशासन की तरफ से दोना-पत्तल बनाने की मशीन सहित कच्चा माल उपलब्ध करवाया गया है। अब दिव्यांगजन दोना-पत्तल बनाने का प्रशिक्षण लेकर आजीविका भी करेंगे।
निंबूचौड़ स्थित दिव्यांग संस्थान के संचालकों की ओर से रोजगार को लेकर जिलाधिकारी से गुजारिश की गई थी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर संस्था को दोना-पत्तल बनाने की मशीन व आवश्यक कच्चा माल उपलब्ध करवा दिया है। बताते चलें कि जिलाधिकारी ने पिछले दिनों कोटद्वार भ्रमण के दौरान दिव्यांग संस्थान का निरीक्षण किया था, उन्होंने दिव्यांगजनों से स्वरोजगार के लिए सुझाव मांगे। दिव्यांगजनों ने संस्थान में दोना-पत्तल की मशीन सहित कच्चा माल उपलब्ध करवाने की बात कही। संस्था की संचालिका कविता मलासी ने बताया कि मशीन और कच्चा माल मिलने के बाद दिव्यांगजन तेजी से प्रशिक्षण लेकर उत्पादन कार्य में जुट गए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के हितों के प्रति उनका दृष्टिकोण संवेदनशील है। कहा कि संस्था से 20 से अधिक दिव्यांगजन जुड़े हैं, जो अब अपने ही क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर दोना-पत्तल का उत्पादन करने लगे हैं। संस्था से जुड़े दिव्यांगजनों ने कहा कि इस सहयोग से उनमें कार्य करने का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है।