श्रीनगर गढ़वाल : प्रदेश में धामी सरकार जहां अपने तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर जनता के बीच जाकर खुशियां बांट रही है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल धामी सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी लाल सिंह नेगी ने धामी सरकार के तीन साल के कार्यकाल पर बयान जारी करते हुए कहा कि राज्य में न तो बेरोजगारी कम हुई और न ही महंगाई पर रोक लगी है। कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण महिलाओं के लिए घर चलाना चुनौती बन गया है। रोजगार न मिलने से युवा वर्ग परेशान हैं। नेगी ने कहा कि धामी सरकार महिलाओं की राज्य में सुरक्षा तक नहीं कर पा रही है। कहा कि सरकार केवल सरकारी कार्यक्रमों के जरिए अपनी वाहवाही बटोरने तक सीमित है। भाजपा सरकार द्वारा नदी, नारी और नौकरी पर प्रहार किया जा रहा है। उपनल कर्मचारियों को कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकार नौकरी नहीं दे रही है।भर्ती घोटाले में भाजपा के नेता ही संलिप्त हैं, भाजपा सरकार अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को बचाने के प्रयास में है। नेगी ने भाजपा के पिछले कार्यकाल से अभी तक के दूसरे कार्यकाल को पूर्णत: निराशाजनक बताया। (एजेंसी)