एनएसएस शिविर के दूसरे दिन स्वयं सेवियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं नमामि गंगे के संयुक्त तत्वाधान में सात दिवसीय विशेष शिविर दूसरे दिन स्वयं सेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हंशेश्वर महादेव के आसपास की झाड़ियों को साफ किया गया। साथ ही जल स्रोत के आसपास फैले कचरे को एकत्रित कर नष्ट किया गया।
शिविर के बौद्धिक सत्र में पूर्व सैनिक बिशम्बर दत्त धस्माना ने स्वयं सेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन से राष्ट्र की उन्नति होती है। हमें अनुशासित राष्ट्र के निर्माण में भूमिका निभानी चाहिए। अनुशासन के सहारे सफलता की सीढ़ियों को आसानी से चढ़ा जा सकता है। जीवन में अनुशासन आवश्यक है। अनुशासित व्यक्ति का जीवन उदाहरण बन जाता है। वह शारीरिक एवं मानसिक दोनों रूप से सबल होता है। अनुशासन ही सफलता की धुरी है। उन्होंने कहा कि अनुशासित जीवन जीने वाले व्यक्ति को अनेक प्रकार के लाभ होते है। अनुशासित व्यक्ति के अंदर साहस, धैर्य जैसे अनेक गुणों का विकास होता है। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक रावत, सहायक प्रभारी प्रमिल्ला चौहान, मनोहर सिंह, नरेश चन्द्र उपस्थित रहे।