जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वी झंडीचौड़ में गौरव सैनिक पैराशूट रेजिमेंट विशेष बल (स्पेशल फोर्स) संगठन की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कोटद्वार के बेहतर विकास को लेकर चर्चा की गई। साथ ही शासन-प्रशासन से विकास कार्यों को गति देने की भी मांग उठाई गई।
बैठक में संगठन के सचिव बलवान सिंह रावत ने कहा कि निगम बन जाने के बाद से लोगों को आधारभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण के साथ फुटपाथों की व्यवस्था होनी जरूरी है। कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि कोटद्वार के विकास के प्रति संवेदनशील नहीं दिखाई दे रहे है। मोटर नगर बस अड्डा, केंद्रीय विद्यालय, मेडिकल कालेज सहित कई महत्वाकांक्षी योजना अधर में लटकी हुई है, जिन्हें समय रहते ही पूरा किया जाना जनहित में होगा। कहा कि सभी चुने हुए सांसद, विधायक, महापौर को समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाना होगा, ताकि उन पर आम जनमानस का भरोसा कायम रह सके। कहा कि सिर्फ बयानबाजी व कोरी घोषणाओं से कुछ नहीं होने वाला है। आम जनमानस धरातल पर काम देखना चाहती है।