नई टिहरी। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय की मौजूद्गी और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सीमा षाली की अध्यक्षता में नगरपालिका की बोर्ड बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर में बंदरों और कुत्तों की वजह से बढ़ रही परेशानी को लेकर चर्चा की गई। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बंदरों और कुत्तों को पकड़ने के लिए बजट नहीं है। इसलिए पालिका इसके खिलाफ अभियान नहीं चला पाती। जिस पर बैठक में ठोस रणनीती बनाने का निर्णय हुआ। बैठक में नगर की सड़कों की बदहाली सहित नगरपालिका की संपत्तियों पर भी चर्चा की गई। पहली बार पालिका की बोर्ड बैठक में पहुंचने पर नगर पालिकाध्यक्ष सीमा षाली और ईओ एमएल शाह ने विधायक किशोर का स्वागत किया। बैठक में विधायक किशोर ने कहा कि टिहरी शहर को टीएचडीसी से टेकओवर करने में कई खामियां रही हैं। जिसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। नगर की समस्याओं के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। नगर पालिका टिहरी को इस कदर सुदृढ़ करना होगा कि वह राज्य के बजट के बराबर की आय की ओर बढ़े। टिहरी झील सहित आस-पास के क्षेत्रों को दो हजार करोड़ से आगे बढ़ाने का भरोसा विधायक ने दिलाया। विधायक ने कहा कि पालिका की समस्याओं के समाधान के लिए पूरे प्रयास किये जायेंगे। पालिकाध्यक्ष सीमा षाली ने पालिका की समस्याओं को विधायक के समक्ष रखते हुए बताया कि पालिका के आय के साधन नहीं हैं। कर न लगने से परेशान हैं। जिसे लेकर कर लगाने को कार्यवाही की जा रही है। अभी तक नगर की संपत्तियों पर पालिका को अधिकार नहीं दिया गया है। जिससे पालिका को काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पालिका की संपत्तियों का हर कोई विभाग अपनी मर्जी से उपयोग कर रहा है। जिसके चलते इस बार नई टिहरी में मेले का आयोजन भी नहीं हो पाया है। नगर की सड़कों के लिए बजट न मिलने से भी दिक्कतें आती हैं। पार्षदों से समय से बोर्ड बैठक न करवाये जाने पर नाराजगी जाहिर कर कहा कि बोर्ड के कामों की सूचना भी समय पर नहीं मिल पाती है। जिसे दुरुस्त करने का भरोसा ईओ ने सभासदों को दिया। इस मौके पर सभासद विजय कठैत, उर्मिला राणा, विश्वजीत, सतीश चमोली, प्रद्युमन षाली सहित दर्जनों शामिल रहे।