राष्ट्रीय लोक अदालत में 57 लंबित और 177 प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण

Spread the love

अल्मोड़ा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुसार शनिवार को जिले के न्यायालयों, बाह्य न्यायालयों और तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई। इसके लिए अल्मोड़ा जिले में दो तथा बाह्य न्यायालयों के लिए एक पीठ गठित की गई। पारिवारिक न्यायालय अल्मोड़ा से जुड़े चार वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों का निस्तारण पीठ संख्या-1 के समक्ष समझौता ज्ञापन के आधार पर किया गया, जिसमें कुल 5 लाख 22 हजार रुपये की राशि तय हुई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा गठित पीठ संख्या-2 के समक्ष जिला एवं सत्र न्यायालय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा सिविल जज न्यायालयों से जुड़े मामलों सहित बैंक के 177 प्री-लिटिगेशन प्रकरण रखे गए। इनमें विभिन्न मामलों का निस्तारण करते हुए न्यायालय से जुड़े मामलों में कुल 18 लाख 57 हजार 850 रुपये तथा बैंक प्री-लिटिगेशन मामलों में 95 लाख 64 हजार 843 रुपये की समझौता राशि तय हुई। बाह्य न्यायालय क्षेत्र के मामलों के लिए सिविल जज (न्यायिक) रानीखेत द्वारा गठित पीठ संख्या-3 के समक्ष एन.आई. अधिनियम से जुड़े 14 मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें 97 लाख 69 हजार 820 रुपये की समझौता राशि तय हुई। राष्ट्रीय लोक अदालत में अल्मोड़ा जिले और बाह्य न्यायालयों के कुल 57 लंबित मामलों तथा बैंक से संबंधित 177 मुकदमा-पूर्व मामलों का निस्तारण किया गया। कुल मिलाकर 2 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की राशि पर समझौता हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *