कानूनगो-पटवारियों की हड़ताल से कामकाज बाधित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : समान काम के लिए समान वेतन देने सहित विभिन्न मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ की बेमियादी हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। हड़ताल के कारण निर्वाचन सहित भू अभिलेख और राजस्व क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित रहा। कार्मिकों ने पौड़ी डीएम दफ्तर के बाहर हेमवती नंदन बहुगुणा मूर्ति स्थल पर प्रदर्शन किया और शासन से जल्द ही मांगों पर सकारात्मक कदम उठाए जाने की गुहार लगाई।
जिले में कानूनगो और पटवारियों के काम न करने की वजह से तहसीलों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। निर्वाचन संबंधी काम भी लटक रहे हैं। प्रदेशव्यापी इस हड़ताल में अकेले पौड़ी जिले के करीब ढाई सौ कार्मिक कार्यबहिष्कार पर चल रहे हैं। संघ के पौड़ी जिलाध्यक्ष विनोद सिंह रावत, संगठन सचिव गौरव लिंगवाल और तहसील अध्यक्ष विजयराम पंत ने कहा कि समान काम के लिए समान वेतन, 16वें बैच के राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण व राजस्व निरीक्षकों के क्षेत्रों का पुनर्गठन और सेवा नियमावली जैसी मांगें राजस्व परिषद में लंबित है। लेकिन लंबे समय से इन पर कोई भी कदम नहीं उठाएं जा रहे हैं। मांगों को हल करने के लिए प्रयास किए गए, लेकिन सरकार इन पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। ऐसे में संघ ने प्रदेशव्यापी हड़ताल का फैसला लिया है। पौड़ी मुख्यालय से हड़ताल में दिलवान सिंह, कुलदीप सिंह, सुनील सिंह रावत, दीपक देवरानी, शिव सिंह रावत, पदमेंद्र सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *