केवी सवाड़ में शिक्षण कार्य शुरु करने की जिला प्रशासन ने कवायद की तेज

Spread the love

डीएम ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : केंद्रीय विद्यालय सवाड़ में शिक्षण कार्य शुरु करने को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सवाड़ गांव में केंद्रीय विद्यालय संचालन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय से पूर्व केंद्रीय विद्यालय संगठन मानकों के अनुसार किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में 2026-27 शिक्षण सत्र में शिक्षण कार्य शुरु करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चमोली जनपद के देवाल ब्लॉक के सैन्य बाहुल्य गांव संवाड़ में केंद्रीय विद्यालय के संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिसके तहत यहां केंद्रीय विद्यालय संगठन की आवश्यकता के अनुरूप जहां गांव में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विद्यालय संचालन की व्यवस्थाएं पूर्ण की जा रही हैं। वहीं ग्रामीणों की ओर से विद्यालय भवन के स्थाई निर्माण हेतु शिक्षा विभाग को 103 नाली भूमि भी हस्तांतरित कर दी गई है। विद्यालय का संचालन शैक्षिक सत्र 2026-27 में शुरू करने को लेकर जिलाधिकारी ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग को ग्रामीणों द्वारा प्रदत्त भूमि को शीघ्र केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित करने, ग्रामीण निर्माण विभाग को वैकल्पिक कक्षा कक्षों को मानकों अनुरूप तैयार करने व ऊर्जा निगम के अधिकारियों को विद्यालय में विद्युत व्यवस्था को बहाल करने के निर्देश दिए। ताकि समय से विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को शुरू किया जा सके। इस मौके पर परियोजना अधिकारी आनंद भाकुनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, बीईओ योगेंद्र प्रसाद, अमर शहीद सैनिक मेला सवाड़ के अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे। साथ ही उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट और ग्राम प्रधान सवाड़ आशा धपोला सहित अन्य अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *