ओवर रेटिंग व कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त

Spread the love

-प्रशासन व पूर्ति विभाग टीम ने किया संयुक्त निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
ओवर रेटिंग व कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम के निर्देश पर प्रशासन व पूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त निरीक्षण कर 6 दुकानों में ओवररेटिंग पाए जाने पर चालान किया है। महामारी के इस दौर में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान दुकानों में ओवररेटिंग व कालाबाजारी रोकने के लिए डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने अधिकारियों को सघन निरीक्षण व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम जोगदंडे ने जिले के समस्त उपजिलाधिकारियों व जिला पूर्ति अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए है। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुख्यालय पौड़ी की कई दुकानों मे रेट लिस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने दुकानदारों को ओवररेटिंग व कालाबाजारी से दूर रहने को कहा। जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली ने बताया कि सभी दुकानदारों को दुकान में रेट लिस्ट चस्पा किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समस्त दुकानदारों कोे कालाबाजारी नहीं करने के निर्देश भी दिए गए है। डीएसओ कोहली ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ओवररेटिंग करने पर 6 दुकानदारों का चालान किया गया है। उप जिलाधिकारी सदर पौड़ी एसएस राणा ने बताया कि अधिक मूल्य पर फल बेचने पर तीन फल विक्रेताओं के विरुद्ध उत्तराखंड प्रवर्तन अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। जिनमें मोहम्मद आसिफ पुत्र अब्दुल हमीद एजेंसी चैक पौड़ी, अशोक कुमार पुत्र रामस्वरूप एवं मोहम्मद नजीबद्दीन पुत्र मोहम्मद अब्दुल मलिक लक्ष्मी नारायण मंदिर मार्ग पौड़ी का उत्तराखंड प्रवर्तन अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत चालान किया गया। मानक अधिनियम उत्तराखंड धारा 33 के अंतर्गत परीक्षण मुद्राकन न किए जाने के कारण नौली सिंह पुत्र बहादुर सिंह लक्ष्मी नारायण मंदिर मार्ग पौड़ी का चालान किया गया। जबकि कालू स्वीट शॉप लक्ष्मी नारायण मंदिर पौड़ी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं सामाजिक दूरी का अनुपालन न करने और मास्क न पहनने पर 11 चालान किए गए। निरीक्षण टीम में पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र बड़ोला, विधिक माप विज्ञान के निरीक्षक जगदीश सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *