घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई

Spread the love

घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पाए जाने पर काटे 39,100 रूपये के चालान
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशानुसार मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग की रोकथाम हेतु खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत होटल, ढाबों एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के अवैध उपयोग की जांच की गई। जनपद में चलाए गए इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 102 होटल/ढाबों/प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। 18 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के प्रकरणों में कुल 39,100 रुपये का चालान किया गया तथा 01 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया।
जिला पूर्ति आशिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि नगर पालिका पौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार बडोला के नेतृत्व में 16 होटल/ढाबों/प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 06 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पाए जाने पर 13,800 रुपये का चालान किया गया। नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करण सिंह क्षेत्री के नेतृत्व में 20 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 04 मामलों में 9,200 रुपये का चालान किया गया। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में 16 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 06 घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 11,500 रुपये का चालान किया गया तथा 01 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया। खोलाचोरी एवं घुडदौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत के नेतृत्व में 15 प्रतिष्ठानों, पाबौ क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक हेमेंद्र कुमार के नेतृत्व में 16 प्रतिष्ठानों तथा चाकीसैंण क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय डोभाल के नेतृत्व में 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जाड़ाऊखांद क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक अचल गुप्ता के नेतृत्व में 09 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें 01 घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर 2,300 रुपये का चालान किया गया। जिला पूर्ति आशिकारी ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस का वाणिज्यिक उपयोग नियम विरुद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के सघन निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *