जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राजकीय पुस्तकालय का किया निरीक्षण

Spread the love

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को राजकीय पुस्तकालय का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और पाठकों से पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को बेहतर और अनुकूल अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि बीते समय में पुस्तकालय की सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुस्तकालय में वाई-फाई, हीटर, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और बैठने की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए पुस्तकालय के संचालन समय में भी वृद्धि की गई है। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हुए युवाओं से भी मुलाकात की और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चयनित युवाओं से कहा कि वे अध्ययन को निरंतर जारी रखें और उच्च पदों के लिए भी लक्ष्य बनाकर तैयारी करें। जिलाधिकारी ने उन्हें अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और पुस्तकालय में अध्ययनरत अन्य छात्रों का भी मनोबल बढ़ाया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनके अध्ययन और तैयारी के लिए प्रशासन स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाता रहेगा। पुस्तकालय में अध्ययनरत पाठकों ने सुविधाओं के विस्तार और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक रवि मेहता, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग आर. चंद्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *