जिला पंचायत ने ध्वस्त की पुराने अस्पताल की बिल्डिंग

Spread the love

रुद्रपुर()। तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी की अगुवाई में जिला पंचायत विभाग ने गुरुवार को पुराने अस्पताल की जर्जर बिल्डिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस रोड स्थित इस भवन की भूमि पर जिला पंचायत का स्वामित्व है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। कोतवाली रोड पर नए अस्पताल भवन के निर्माण के बाद सीएचसी को वहां स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके बाद पुराने भवन में कुछ परिवार रहने लगे थे। जर्जर हालत को देखते हुए विभाग ने पूर्व में नोटिस जारी कर अधिकांश लोगों को हटा दिया था, लेकिन पांच परिवार अब भी वहां रह रहे थे। ध्वस्तीकरण शुरू होते ही रह रहे परिवारों ने कोर्ट के स्टे का दावा करते हुए विरोध किया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने विरोध कर रही महिलाओं को मौके से हटा दिया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित लोगों के पास कोई स्थगन आदेश नहीं है। तहसीलदार ने बताया कि जिन हिस्सों में परिवार रह रहे हैं, उन्हें फिलहाल छोड़ दिया गया है और शेष भवन को हटाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान कार्याधिकारी हरिमोहन, इंजीनियर मो. जफर अंसारी, प्रभारी इंजीनियर मोहन सिंह बिष्ट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दीपक कुमार शुक्ला सहित राजस्व व चकबंदी टीम मौजूद रही। विरोध कर रहे व्यापारी नेता को हटाया ध्वस्तीकरण की सूचना मिलते ही व्यापारी नेता मौके पर पहुंच गए। देवभूमि व्यापार मंडल के नगर कार्यकारी अध्यक्ष जगरूप सिंह ‘गोल्डी’ ने जेसीबी के सामने खड़े होकर विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हटा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *