चैत्र नवरात्रि का दिव्य एवं भव्य शुभारंभ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : प्रथम नवरात्रि के पावन प्रभात में ब्रह्ममुहूर्त के शुभ क्षणों में मंदिर के मुख्य पुजारियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच गर्भगृह में प्रवेश कर माँ भगवती का पूजन-अर्चन प्रारम्भ किया। तत्पश्चात विधि-विधान से चंडी पाठ का शुभारम्भ हुआ, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय ऊर्जा से आलोकित हो उठा। प्रथम दिवस पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने सम्पूर्ण क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया, जहाँ हर ओर “जय माता दी” के जयघोष गूंज उठे। प्रथम दिवस की पावन पूजा माँ भुवनेश्वरी के शैलपुत्री स्वरूप को समर्पित रही।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। भजन प्रतियोगिता में आस्था मंडली जसकोट, नागराज मंडली रैदुल सहित अन्य महिला मंगल दलों ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया, वहीं प्रवचन प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र आयुष्मान ने कालिमठ और हेमन्त ने सिद्धबली पर अपने ओजस्वी वचनों से सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन ममगाईं द्वारा किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक श्रृंखला 25 मार्च तक निरंतर चलती रहेगी। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिगंबर जुयाल एवं सचिव सतीश जुयाल ने बताया कि प्रतिदिन भक्ति, संस्कृति और सेवा का यह संगम यहां देखने को मिलेगा। साथ ही सभी श्रद्धालुओं के लिए नित्य भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर स्थानीय समिति के अध्यक्ष नवीन जुयाल, अनसूया प्रसाद सुन्दरियाल, दिनेश जुयाल, शिवप्रसाद जुगरान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वही मां भुवनेश्वरी मंदिर संगुड़ा बिलखेत में मां भुवनेश्वरी चौक बिलखेत से मंदिर तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। मंदिर के मुख्य पुजारी नागेंद्र प्रसाद शैलवाल ने बताया प्रथम दिवस भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए और पूजा अर्चना कर मां आशीर्वाद लिया। मां भुवनेश्वरी मिशन के सचिव सोम नैथानी, कोष अध्यक्ष आलोक नैथानी, गेंद मेला समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह नेगी, प्रेम सिंह नेगी, मनोज नैथानी, जोगेंद्र सिंह नेगी सहित कई गांवों की महिला मंगल दलों की कीर्तन मंडलियों ने मंदिर परिसर मां के भजनों से मंदिर परिसर को भक्तिमय कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *