डीएम व एसएसपी ने अंकिता के परिजनों को दिया हर संभव मदद का भरोसा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शनिवार को स्व. अंकिता भंडारी के गांव पहुंचकर उनके माता-पिता से मुलाकात कर सांत्वना दी।
जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अंकिता के परिजनों को अपना संपर्क नम्बर देते हुए कहा कि किसी भी समय किसी भी प्रकार की समस्या या परेशानी हो तो बिना झिझके इन नम्बरों पर संपर्क कर सकते। कहा कि इस दु:ख की घड़ी में जनपद का राजस्व व पुलिस प्रशासन अंकिता के परिजनों के साथ है। किसी भी शिकायत या समस्या का हर संभव समाधान निकाला जा सकेगा। जिलाधिकारी ने अंकिता के पिता से कहा कि उनका बेटा अजय को सीए की पढ़ाई में अड़चने ना आने पाए इस हेतु डीएम व एसएसपी स्वयं भी उनसे संपर्क करते रहेंगे। अंकिता के परिजनों ने जिलाधिकारी व एसएसपी को पूरी व्यथा सुनाई, जिस पर एसएसपी ने कहा कि एक बार गुजरे हुए समय को वापस नहीं लाया जा सकता है इसलिए परिजनों को हिम्मत से काम लेकर समाज में आगे बढ़ना होगा। कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा हर संभव मदद व सहयोग निरंतर दिया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *