बागेश्वर(। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं के समाधान को बैठक की। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं मुद्दों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सेवाएं दे रहे हैं, उसका श्रेय उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों को जाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अथक परिश्रम और बलिदान दिया। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों से संबंधित मामलों को पूर्ण संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। यह भी निर्देश दिए कि समस्त उपजिलाधिकारी लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण करते हुए उसकी अनुपालन रिपोर्ट कलेक्ट्रेट में प्रस्तुत की जाए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने बैठक के दौरान अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी सुंदर लाल को भी निर्देशित किया कि शिलापट संबंधित शेष लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए उनकी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीईओ (शिक्षा) विनय कुमार आर्या, एसडीएम गरुड़ वैभव काण्डपाल, डीपीओ सुन्दर लाल, ईई जल निगम वी.के. रवि, ईई जल संस्थान दलीप सिंह बिष्ट, ईई यूपीसीएल मोहम्मद अफजल, ईई पीएमजीएसवाई कपकोट अम्बरीष रावत आदि मौजूद रहे।