जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जाने वाले जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आम जनमानस की समस्याओं को सुनने तथा उनके त्वरित निराकरण हेतु जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को आवश्यक कार्यवाही एवं निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान मैखंडा निवासी रमेश लाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान उनकी गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन अभी तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल पाया है। वहीं नारायणकोटी निवासी जसपाल लाल ने भी एनएच द्वारा उनकी दुकान तोड़े जाने के बाद मुआवजा न मिलने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ आर.पी. नैथानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं आम जनमानस उपस्थित रहे।