डीएम ने किया काली नदी पर बने दो नए पुलों का शुभारंभ

Spread the love

पिथौरागढ़। भारत व नेपाल के बीच सीमांत तहसील धारचूला से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा में काली नदी में दो नए झूलापुल बनकर तैयार हो गए हैं। इन झूलापुलों का एक कार्यक्रम में डीएम रीना जोशी ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन पुलों के बनने से दोनों देशों के लोगों के लिए आवाजाही आसान होगी। गुरुवार को जिलाधिकारी जोशी व नेपाल दार्चुला के सीडीओ दीर्घ राज उपाध्याय ने काली नदी पर जयकोट व ग्सकु में बने पुलों का शुभारंभ किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि दोनों देशों के लोगों को इन पुलों के बनने का लाभ मिलेगा। कहा कि दोनों देशों के बीच प्राचीन काल से काफी मधुर संबंध रहे हैं। अब यहां लोगों को इन पुलों के बनने से आवाजाही के लिए कई किमी नहीं चलना पड़ेगा। सीमांत में दो पुलों के बनने से दोनों देशों के लगभग 9हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। दार्चुला नेपाल के मेयर मंगल सिंह धामी ने कहा इन दोनों पुल के बन जाने से भारत के ग्राम जयकोट, पांगला, ग्सकु,और नेपाल के माल,रापला, दुमलिंग सुसारपानी आदि गांवों के लोगों को आवाजाही में लाभ मिलेगा। जयकोट के पूर्व प्रधान चन्द्र सिंह बडाल ने कहा इससे दोनों देशों के बीच रोटी बेटी के संबंध मजबूत होंगे। भारत की और एसएसबी और नेपाल की और नेपाल पुलिस पुल की सुरक्षा व निगरानी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *