जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार ने ग्राम सभा गिरसा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम क्षेत्र में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने विकासखंड पोखरी के हणज में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में प्रकाश व्यवस्था उचित न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को शीघ्र आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम में प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्मित आवासों की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम क्षेत्र में सिंचाई सुविधा हेतु बन रही नहर प्रणाली का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिनके समाधान हेतु उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आनन्द सिंह भकुनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, एसडीएम सोहन सिंह रांगण, मुख्य शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।