जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से क्रियाशील रहें और तैनात पुलिस बल सुरक्षा उपकरणों का नियमित निरीक्षण करे।
इस दौरान डीएम ने डबल लॉक प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन सुरक्षा और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती आदि सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम और वीवी पैड मशीनों की सुरक्षा प्रणाली और संरचना की विस्तृत जानकारी भी दी। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं तत्परता को परखते हुए डीएम ने कहा कि अग्निशमन यंत्रों का समय-समय पर परीक्षण आवश्यक हो ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्यावाही की जा सके। इसके अलावा उन्होंने राजनीतिक दलों से समय पर बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, लोनिवि की सहायक अभियंता अंकिता सक्सेना सहित बीजेपी से राजेन्द्र सिंह राणा, कांग्रेस से भरत रावत व भाकपा से सुरेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।