जिलाधिकारी ने किया तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी के विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया। डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता एवं कौशल में वृद्धि करना है। जिलाधिकारी ने सूचना के अधिकार को सुशासन का मुख्य आधार बताते हुए समस्त लोक सूचना अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों का गहन अध्ययन करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी आमजन और शासन के बीच एक संवेदनशील सेतु हैं, जिनकी नैतिक जिम्मेदारी जनता तक सटीक सूचनाएं पहुंचाना है।
कार्यशाला के पहले दिन सूचना के अधिकार विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और कार्मिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीखने की प्रक्रिया को संवादमूलक और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिभागियों को खुली परिचर्चा एवं फीडबैक के माध्यम से सक्रिय योगदान देना चाहिए। जिलाधिकारी के अनुसार, प्रशासनिक नियमों और प्रक्रियाओं की गहरी समझ केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सुशासन की आधारशिला है। जब कार्मिक अपनी प्रतिदिन की कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत होते हैं, तभी सरकारी कार्यों में आने वाली जटिलताओं का समाधान संभव है और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जनहितैषी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अकादमी के अपर कार्यक्रम निदेशक अनूप बमोला ने आगामी तीन दिनों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने जानकारी दी कि अकादमी वर्तमान में हर जिले में अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है, ताकि ग्राउंड लेवल पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कार्य से संबंधित प्रासंगिक विषयों की जानकारी दी जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण को पूरी तरह संवादात्मक रखा गया है ताकि व्यावहारिक समस्याओं का समाधान मौके पर ही तलाशा जा सके। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ आरटीआई राजेश देवली, पीडी विवेक उपाध्याय, डीएसटीओ राम सलोने, अपर पशु चिकित्साधिकारी नंदन सिंह आगरी, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, एआरटीओ एन के ओझा, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।