डीएम ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति होने पर कार्यदायी संस्था को लगाई फटकार

Spread the love

डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी प्रशासनिक भवन का किया निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बुधवार को निर्माणाधीन मुख्य चिकित्साधिकारी प्रशासनिक कार्यालय पौड़ी का स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में धीमी प्रगति होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्यदाई संस्था को लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहन पार्किंग सहित निचले तल से ऊपरी तल तक बन रहे समस्त कमरों, स्टोर रूम, शौचालय के कार्यों का अवलोकन करते हुए नक्शे के अनुरूप उसका मापन भी किया।
जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था पेयजल निर्माण इकाई श्रीनगर को निर्देशित किया कि समस्त कमरों में टाइल्स लगाने के साथ ही बेहतर दरवाजे व खिड़की लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य कमरों में भी शौचालय बनाने, संबंधित अधिकारी को बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कार्यदाई संस्था को कहा कि शेष कार्य में तेजी लाते हुए मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने सबसे ऊपरी मंजिल में कार्य शुरू न होने पर संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देशित किया कि लक्ष्य के सापेक्ष कार्य को पूर्ण करें। कहा कि वाहन पार्किंग तथा दो तलों का कार्य तीन माह के भीतर पूर्ण करें तथा सबसे ऊपरी मंजिला का कार्य मार्च तक पूर्ण करें। मुख्य चिकित्साधिकारी प्रशासनिक कार्यालय का निर्माण कार्य 4 करोड़ 40 लाख की लागत से पूर्ण किया जाएगा तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने का लक्ष्य मार्च 2023 तक दिया गया है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, परियोजना प्रबंधक पेयजल निर्माण इकाई सुनील फस्र्वाण, सहायक प्रबंधक डीआर बेलवाल, प्रशासनिक अधिकारी संजय नेगी सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *