पशुपालन विभाग बर्ड फ्लू को लेकर सर्तकता बरतें : डीएम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : आत्मा परियोजना एवं कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, कृषक गोष्ठियां, फसल प्रदर्शन एवं एक्सपोजर विजिट नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए। कहा कि महिला किसानों को कृषि कार्य के लिए छोटी-छोटी मशीनें वितरित की जाएं, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ सके। डीएम ने पशुपालन विभाग को बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि यदि कुक्कुट में लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क किया जाय और प्रसार रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
शनिवार को आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए वन विभाग, पंतनगर व भरसार कृषि विश्वविद्यालयों से समंवय कर तकनीकी सहयोग लिया जाए। एडीएम अनिल सिंह गब्र्याल ने कहा कि कृषि और पशुपालन विभाग के बीच बेहतर तालमेल से ही योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच पाएगा। मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव ने बताया कि राज्य मिलेट मिशन योजना के तहत जिले के चार विकासखंडों पाबौ, थलीसैंण, बीरोंखाल और पौड़ी का प्रथम चरण में चयन किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति व जनजाति ग्रामों में विशेष कृषि विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ मनविंदर कौर, सीवीओ डा. विशाल शर्मा, लीड बैंक अधिकारी मीनाक्षी शुक्ला, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *