एसडीएम कोर्ट के मामलों को तेजी से निपटाएं : डीएम

Spread the love

डीएम ने किया सतपुली तहसील का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने बुधवार को तहसील सतपुली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड कीपिंग में लापरवाही बरतने पर डीएम ने एक कर्मचारी को प्रतिकूल वार्षिक प्रविष्टि व एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। एसडीएम कोर्ट में धीमी गति से वादों का निस्तारण होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए एसडीएम को कोर्ट के मामलों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए तहसील में सभी पंजीकाओं को व्यवस्थित रखना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि सभी तहसीलों में कार्मिकों की एनपीएस की रिपोर्ट के लिए अपर जिलाधिकारी व मुख्य कोषाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनाई जाएगी।
बुधवार को तहसील का निरीक्षण करते हुए डीएम ने रजिस्ट्रार कानूनगो कक्ष, नाजिर कक्ष, आपदा कंट्रोल रूम, राजस्व अभिलेखागार सहित मॉडर्न रिकॉर्ड रूम आदि का जायजा लिया। पत्रावलियों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप तैयार नहीं करने, व्यवस्थित व अपडेट नही रखने पर डीएम ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कविता भंडारी को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने, एनपीएस की कटौती नहीं करने व स्टॉक पंजिका अव्यवस्थित पाए जाने पर नायब नाजिर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सतपुली अनिल चंयाल, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, नायब तहसीलदार पूरन प्रकाश रावत, नाजिर गिरीश चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *