बदरीनाथ मास्टर प्लान के निर्माण कार्यों को तेजी से करें : डीएम

Spread the love

चमोली : जिला अधिकारी डा. संदीप तिवारी ने बदरीनाथ मास्टर प्लान निर्माण कार्य को लेकर शुक्रवार को बैठक की। बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों और निर्माण कार्य एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने हॉस्पिटल बिल्डिंग निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा की।
कार्यदायी संस्था पीआईयू की ओर से सनी पालीवाल ने अवगत कराया कि बारिश के कारण निर्माण कार्य की गति थोड़ी धीमी हुई है। बताया कि यह कार्य 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा बद्रीश लेक के पास जल भराव की समस्या भी प्रशासन के संज्ञान में आई थी। जिस पर कार्यदायी संस्था ने बताया कि झील के पास एक पानी निकासी पाइप बनाने की अनुमति शासन से मिल चुकी है और यह कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। कार्यदायी संस्था की ओर से सनी पालीवाल ने रिवर फ्रंट क्षेत्र में चल रहे कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अलकनंदा नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ होने के कारण वहां कार्य प्रभावित हुआ है। जैसे ही जल स्तर सामान्य होगा, कार्यों को तेजी से पूर्ण कर लिया जायेगा। कार्यदायी संस्था ने बताया कि अराइवल प्लाजा क्षेत्र में लगाई जा रही, बीकन लाइट के टावरों का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने बदरीनाथ धाम में बनाये जा रहें तीर्थ पुरोहित आवास निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र पूरा कर प्रशासन को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत बदरीनाथ, जल संस्थान, विद्युत विभाग और पीआईयू की एक संयुक्त कमेटी बनाकर धाम में विद्युत, जल संयोजन और सीवर संयोजन की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पर्यटन अधिकारी अरविन्द गौड़, अधिशासी अभियंता सनी पालीवाल, आईएनआई कंसलटेंट केशव नौटियाल, वीसी के माध्यम से एसडीएम जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *