उद्योगों की शिकायतों का समय पर करें निराकरण : डीएम

Spread the love

नई टिहरी : डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय उद्योग मित्र व जिला स्वरोजगार प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को उद्योगों को अनुकूल माहौल देने के निर्देश दिए। उद्योगों को बिजली, पानी, सड़क और स्वच्छता की शिकायतों का तय समय में निदान करने को भी निर्देशित किया।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में मिनी औद्योगिक आस्थान सरोठ एवं लक्षमोली की अद्यतन स्थिति, एमएसएमई नीति, पीएम विश्वकर्मा योजना, सिंगल विन्डो, सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम नीति, जिला स्वरोजगार प्रोत्साहन एवं अनुश्रवण समिति पर चर्चा के दौरान उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निदान को कहा। डीएम ने ईओ नगर पालिका मुनिकीरेती को औद्योगिक क्षेत्र ढालवाला का निरीक्षण कर सड़क, पेयजल लाइन, विद्युत पोल, जाम आदि का समाधान को लेकर उद्यमियों एवं सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान को कहा। डीएम ने होमस्टे निर्माण में मानकों का पूरा ध्यान रखने को कहा। मैसर्स होटल डिवाइन आगराखाल में पानी की समस्या को लेकर संतोषजनक जबाब न मिलने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए यथाशीघ्र समस्या का समाधान करने के निर्देश दिये। तपोवन क्षेत्र के तहत पार्किंग स्थल पर विद्युत पोल हटाने के सम्बन्ध में ईई विद्युत ने बताया कि क्षेत्र में एडीबी के तहत अंडरग्राउंडिंग का काम चल रहा है, जिसके तहत यह कार्य कर लिया जायेगा। महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र एचसी हटवाल ने सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम नीति 2015 के तहत 51 इकाइयों के 1 करोड़ 77 लाख से अधिक के ब्याज उपादान के दावे तथा 21 इकाइयों के 1 करोड़ 56 लाख से अधिक के विद्युत उपादान के दावे सैद्धांतिक स्वीकृति को समिति के सम्मुख रखने की जानकारी दी। बताया कि औद्योगिक आस्थान लक्षमोली, सरोट एवं ढालवाला में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के तहत भूमि आवंटन किया जाना है। जिसकी साइट देहरादून से बंद है। साइट खुलवाने को लेकर डीएम ने सम्बंधितों को पत्र लिखने को कहा। बैठक में सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, पीडी डीआरडीए पीएस चौहान, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अमित पोखरियाल, डीटीडीओ एसएस राणा, एलडीएम मनीष मिश्रा, ईई अमित आनन्द, डीपीआरओ एमएम खान, श्रम अधिकारी आईशा, डीओ फूड प्रमोद आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *