बहुउद्देशीय शिविर में डीएम ने अधिकारियों संग जन समस्याओं का किया समाधान

Spread the love

शिविर के माध्यम से ग्रामीण हुए लाभान्वित, 92 में से 40 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार आम जनमानस को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के कुशल नेतृत्व में जनपद की 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को तहसील बसुकेदार के पूर्वी बांगर क्षेत्र के देवलाणी मैदान बक्शीर में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी भी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर के दौरान पिछले वर्ष अगस्त में आई आपदा के दौरान जिन लोगों के वाहनों की क्षति हुई थी उनको मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता धनराशि के चेक भी विधायक एवं जिलाधिकारी के माध्यम से वितरित किए गए। शिविर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायतीराज/ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य विभाग (आयुष्मान आरोग्य शिविर), राजस्व विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, पूर्ति विभाग सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए है, साथ ही अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में आई आपदा के कारण ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है तथा कई परिसंपत्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। आपदा से हुए नुकसान के पुनर्निर्माण हेतु विभिन्न प्रस्ताव एवं एस्टीमेट शासन को प्रेषित किए गए हैं, जिन्हें शीघ्र स्वीकृति मिलने के उपरांत पुनर्निर्माण कार्य में अधिक गति से कार्य कराया जाएगा, जिससे प्रभावित ग्रामीणों को लाभ मिल सके। कार्यक्रम में विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख जखोली नवीन सेमवाल, ग्राम प्रधान बक्शीर गीता देवी, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, तहसीलदार प्रणव पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में सामने आई स्थानीय समस्याएं
शिविर के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा कुल 92 समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 40 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने बक्शीर भंडार स्थित मंदिर के नीचे क्षतिग्रस्त पुश्ते की मरम्मत कराने की मांग उठाई। इसके साथ ही राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुनालगांव के भवन की मरम्मत, विद्यालय में किचन निर्माण तथा रिक्त शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष आई आपदा के बाद से देहरादूनदृछेनागाड़ बस सेवा बंद है, जिसे अब तक पुन: प्रारंभ नहीं किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुविधा हेतु इस बस सेवा को शीघ्र शुरू करने की मांग की। साथ ही छेनागाड-बधाणीताल मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की भी मांग रखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *