डीएम ने हाईवे से मलबा हटाने के लिए सख्त निर्देश

Spread the love

नई टिहरी। डीएम मयूर दीक्षित ने ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे का निरीक्षण किया। उन्होंने चंबा से कंडीसौड़ तक हाईवे पर मलबा हटाने, सुरक्षा के इंतजाम करने और अन्य जरूरी निर्देश दिए। कहा कि एक सप्ताह के भीतर वह हाईवे का निरीक्षण कर कार्यों का अपडेट लेंगे। उन्होंने बीआरओ और संबंधित निर्माण कंपनियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान कोई व्यवधान न आए इसके लिए सभी जिम्मेदारी से कार्य करें। डीएम मयूर ने एनएच-34 के निरीक्षण के दौरान धारकोट, दिखोलगांव और बौर गांव के पास जगह-जगह गिरे मलबे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। कहा कि मलबे केवल डंपिंग जोन में ही डाला जाए। चंबा चौराहे से ऋषिकेश मोटर मार्ग पर सड़क के गड्ढों को रात में भरने के निर्देश दिए गए। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि कई बार गड्ढ़ों के भरान का कार्य किया गया, लेकिन आसपास स्थित होटल व्यवसायियों द्वारा पानी सड़क पर गिराने के कारण यह स्थिति लगातार बन रही है। यात्रा रूट पर कई स्थानों पर गिरे पत्थरों के लिए लगातार सफाई करने के निर्देश भी डीएम ने दिए। उन्होंने कांडीखाल में सड़क चौड़ीकरण कार्य में आए मलबे को समय-समय पर हटाने के लिए कार्यदायी संस्था को कार्य करने को कहा। वहीं डाबरी के क्षतिग्रस्त मार्ग का सही ट्रीटमेंट करने के लिए प्लान तैयार कर कार्य करने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने आगामी बरसात के सीजन के मध्यनजर बुल्डोजर आदि की समुचित व्यवस्था पूर्व से ही करने के निर्देश बीआरओ को दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर कार्य प्रगति पर हो उन स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें, ताकि कोई भी व्यक्ति इससे प्रभावित न हो। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, बीआरओ के एई एसएस रावत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *