डीएम और एसपी ने किया कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक हाईवे का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बस में सवार होकर कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ हाईवे के साथ ही यात्रा मार्गों पर पेयजल, शौचालय, पंजीकरण, स्वास्थ्य, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंध करने के निर्देश दिए।
चमोली जनपद में स्थित श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष 23 अप्रैल 2026 से शुरु होगी। जिसे लेकर चमोली जिला प्रशासन की ओर से तीर्थयात्री सुविधाओं को जुटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरु कर दिया गया है। जिसके तहत मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने जनपद में पड़ने वाले बदरीनाथ हाईवे के 160 किलोमीटर हिस्से का कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को यात्रा मार्ग के खतरनाक स्थानों पर फ्ल्ड लाइट लगवाने, भूस्खलन क्षेत्रों से पूर्व साइन बोर्ड स्थापित करने और हाईवे पर सुरक्षा को लेकर सभी इंतजाम पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हाईवे संचालित निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को हाईवे पर पड़े मलवे का भी शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाईवे के संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर शीघ्र सुधारीकरण और सुरक्षा कार्य करवाने के भी आदेश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगड, संबंधित एसडीएम, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एनएचआईडीसीएल अंकित राणा, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय एनएचआई, बीआरओ के अधिकारी सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।