केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की स्वच्छता व्यवस्था का उच्चतम स्तर सुनिश्चित करना लक्ष्य
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसामान्य को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यप्रद वातावरण उपलब्ध कराना तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत जनपद रुद्रप्रयाग में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के आगमन की संभावना है। ऐसे में जनपद के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था का उच्चतम स्तर सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आगंतुकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित विभाग, नगर निकाय, ग्राम पंचायतें एवं अन्य कार्यदायी संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत तत्काल प्रभाव से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करें। अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों, मार्गों, बाजार क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों, शौचालयों, पेयजल स्रोतों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिदिन की प्रगति आख्या फोटोग्राफ सहित जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए तथा “शौचालय स्वच्छता एवं पेयजल” व्हाट्सएप समूह में अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाए, जिससे सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि आगामी सप्ताह में वे स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही अथवा निर्देशों के अनुपालन में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी कर्मचारी का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।