लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर डीएम की चेतावनी

Spread the love

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई राजस्व संवद्र्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में राजस्व संवद्र्धन एवं अनुश्रवण समिति की हाइब्रिड मोड में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय कोटद्वार, खनन विभाग, राज्य कर श्रीनगर और आबकारी विभाग को राजस्व संवद्र्धन में सुधार सहित उप जिलाधिकारियों को छापों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नव वर्ष के मौके पर लैंसडौन और यमकेश्वर को सड़क सुरक्षा को देखते हुए नजर बनाए रखने को कहा। जिलाधिकारी ने खाद्य संरक्षा विभाग को नववर्ष को देखते हुए होटल एवं रेस्टोरेंटों के निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में संपन्न बैठक में जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप राजस्व प्राप्त नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कतिपय विभाग दिए गए लक्ष्यों से बहुत पीछे चल रहे हैं। परिवहन विभाग ने मौजूदा वित्तीय वर्ष 2024-25 में नवंबर माह तक मात्र 56.09 प्रतिशत राजस्व प्राप्त किया है। समय को देखते हुए यह प्रगति काफी कम है। परिवहन विभाग ने नवंबर माह तक 55,778 वाहनों की चेकिंग करने के साथ ही 10,628 वाहनों का चालान और 393 वाहन सीज किए। जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुसार कार्य नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने खनन विभाग को अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए निरीक्षणों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। वन विभाग की समीक्षा करते हुए बताया गया कि निर्धारित राजस्व के सापेक्ष नवंबर माह तक 15.37 प्रतिशत राजस्व प्राप्त हुआ है। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को बिल वितरण करने हेतु कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग ने अवगत कराया कि बासा स्टे खिर्सू और हट्स एवं फिशरी सेंटर (एंगलर्स हट्स) के संचालन हेतु टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी केपी सिंह, जिला अभिहीत अधिकारी खाद्य संरक्षा विभाग एएस रावत, उप निबंधक राज उनियाल, टीटीओ परिवहन विभाग विजय कुमार आर्य, एसडीओ वन विभाग लक्की शाह, एसडीओ विद्युत विभाग गोविंद सिंह रावत के सहित अन्य अधिकारी ऑन लाइन बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *