स्कूलों के आसपास न बिकने दें तंबाकू

Spread the love

अपर जिलाधिकारी ने ली अधिकारियों की बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: अपर जिलाधिकारी ईला गिरी ने अधिकारियों को स्कूलों के आसपास तंबाकू नहीं बिकने के निर्देश दिए हैं। कहा कि अधिकारी टीम बनाकर विद्यालयों के आसपास मौजूद दुकानों में छापेमारी करें। इस दौरान उन्होने 31 मई को मनाए जाने वाले विश्व तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की।
शनिवार को अपर पुलिस अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य स्तर पर तंबाकू निषेध महाअभियान की थीम आओ गांव चले, उत्तराखंड को तंबाकू मुक्त करें रहेगा। कहा कि अधिकारी प्रदेश को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाते रहें। कहा कि विद्यालय के 100 गज दूरी पर तंबाकू विक्रय करना पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। साथ ही उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों में तंबाकू का सेवन करने वाले लोगों पर कार्यवाही भी करें। कहा कि पर्यटन स्थल, धार्मिक स्थल, ग्राम पंचायतों सहित अन्य जगहों पर भी तंबाकू नियंत्रण अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को तंबाकू से दूर रखने के लिए अभिभावकों को भी जागरूक होना बहुत जरूरी है। कहा कि इसमें विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी द्वारा बताया कि जनपद में सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू का प्रयोग करने समेत विभिन्न मामलों में 689 व्यक्तियों का चालान किया गया। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारी द्वारा बताया गया कि तंबाकू निषेध को लेकर स्कूलों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी 31 मई को समस्त स्कूलों, कार्यालयों, धार्मिक स्थलों सहित अन्य स्थलों पर छात्र-छात्राओं तथा कार्मिकों द्वारा तंबाकू निषेध की शपथ ली जाएगी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. प्रवीन कुमार, एसीएओ डॉ. रमेश कुंवर, जिला सलाहकार श्वेता गुसांई, दुर्गा नेगी, मनमोहन देवली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *