दहेज और एयरहोस्टेस से संबंधों टूटी डॉक्टर दंपति की शादी

Spread the love

देहरादून। मैट्रिमोनियल साइट जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए मिले एक डॉक्टर दंपति की शादी चंद महीनों में ही दहेज के लालच और पति के अवैध संबंधों की भेंट चढ़ गई। देहरादून निवासी महिला दंत चिकित्सक डॉ. निधि सती ने अपने पति डॉ. सक्षम अरोड़ा निवासी सहारनपुर और ससुराल पक्ष के खिलाफ रायपुर थाने में मंगलवार को उत्पीड़न का केस दर्ज करा दिया है। निधि की तहरीर के अनुसार पांच मार्च 2025 को दोनों का विवाह हुआ था। आरोप है कि शादी के तुरंत बाद ससुराल वालों ने हैसियत से अधिक खर्च और सोने के जेवरों का दबाव बनाया। ससुर ने घर में कमरे बनवाने के लिए मायके से पैसे लाने को कहा। मना करने पर डॉ. निधि को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। विवाद तब और गहरा गया जब पीड़िता को पता चला कि उसके पति के एक एयरहोस्टेस (जो उसकी पेशेंट भी है) के साथ अवैध संबंध हैं। विरोध करने पर डॉ. सक्षम ने पीड़िता को कमरे में बंद कर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, दीवार पर सिर दे मारा और चेहरे पर थूका। हद तो तब हो गई जब करवाचौथ के अगले ही दिन सास ने पीड़िता के सारे जेवर छीन लिए। 30 अक्तूबर 2025 को ससुराल वालों ने पीड़िता को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने सहारनपुर के कुतुबशेर थाने पहुंचकर मेडिकल कराया। जहां पति ने उसे रोकने की कोशिश भी की लेकिन पुलिस की फटकार के बाद वह पीछे हटा। इसके बाद भी पीड़िता ने रिश्ता जोड़ने की कोशिश की। आरोपी नहीं माने। एसओ रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपी पति और उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *